भोपाल। हबीबगंज थाना इलाके में आधा दर्जन बदमाशों द्वारा ऑटो चालक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।
फरियादी के परिचित और भाजपा कार्यकर्ता स्वप्निल का आरोप है, कि आरोपियों ने राजनीतिक रंजिश के चलते उनके साथी के साथ मारपीट की है। थाना इलाके के साईं बाबा मंदिर के पास रहने वाले स्वप्निल वानखेड़े (25) ने जानकारी देते हुए बताया कि वह साईं मंदिर के व्यवस्थापक और भाजपा युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी हैं। उनके मोहल्ले में ही रहने वाले ऑटो चालक देवेंद्र सिंह ठाकुर भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ मंडल के महामंत्री हैं। स्वप्निल ने आगे बताया कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद जनता कॉलोनी में रहने वाले फारुख, असलम, समीर, शाहिद, बिलाल और शाहरुख नाम के युवक देवेंद्र सिंह के सामने आने पर उसे उकसाने वाली हरकतें कर रहे थे। देवेंद्र सिंह लगातार उन्हें नजरअंदाज करते रहे। बीती रात करीब 11:30 बजे देवेंद्र जनता कॉलोनी से निकलते हुए अपने घर जा रहे थे। रास्ते में उन्हें सभी आरोपी मिल गए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। घायल ने जब उनका विरोध किया तब आरोपियो ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उसी समय वहां से गुजर रहे स्वप्निल देवेंद्र को बचाने की कोशिश करते हुए बीच बचाव करने पहुंच गए। तब आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक आरोपी ने तलवार से देवेंद्र पर वार कर दिया। तलवार का वार रोकने के लिए देवेंद्र ने अपना हाथ आगे किया, जिससे उसका हाथ बुरी तरह से कट गया। देवेंद्र को घायल कर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। स्वप्निल ने अन्य लोगों की मदद से घायल देवेंद्र को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, उसकी हालत खातरे से बाहर बताई गई है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्वप्निल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं का मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
Post a Comment